धनककड़ी पंचायत के विकास कार्यों के ऑनलाइन रिकॉर्ड में कई सवाल..

मूल्यांकन राशि शून्य, वर्षों पुराने कार्य अब भी ‘चल रहे’ ...

Published on-

मूल्यांकन राशि शून्य, वर्षों पुराने कार्य अब भी ‘चल रहे’ और एक कार्य में स्वीकृति से अधिक व्यय दर्ज..

लखनादौन/धनककड़ी। ग्राम पंचायत धनककड़ी के विकास कार्यों से संबंधित ऑनलाइन डेटा में कार्यों की प्रगति, मूल्यांकन और व्यय को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2022-23 से 2026-27 तक के कई कार्यों में “मूल्यांकन राशि: 0” दर्ज है और साथ ही यह स्पष्ट टिप्पणी भी दर्ज है कि कार्य का मूल्यांकन दर्ज नहीं किया गया है। रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2022-23 में सामुदायिक नाडेप निर्माण के चार कार्य स्वीकृत किए गए। प्रत्येक कार्य की स्वीकृत राशि 14 हजार रुपए दर्ज है तथा प्रत्येक में 9,932 रुपए व्यय दर्ज है। इसके बावजूद चारों कार्यों की वर्तमान स्थिति पोर्टल पर “चल रहे” दर्ज है।

*लाखों के कार्यों में भी मूल्यांकन शून्य*

पंचायत भवन की बाउंड्रीवॉल के लिए 6.54 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दर्ज है, जबकि व्यय 3,97,187 रुपए दर्ज है। कुओं की सफाई एवं जगत निर्माण के दो कार्यों में क्रमशः 44,799 और 47,557 रुपए व्यय दर्ज है। हैंडपंप के पास सोकपिट एवं जगत निर्माण में 30,486 रुपए व्यय दर्ज है। इन कार्यों में भी पोर्टल पर मूल्यांकन राशि शून्य दर्ज है और स्थिति चल रहे है।

सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए 2.10 लाख रुपए की स्वीकृति दर्ज है, जिसमें 99,500 रुपए व्यय दर्ज है। यह कार्य भी पोर्टल पर अभी चल रहे दर्शाया गया है।

*शांतिधाम के कार्यों का भी यही रिकॉर्ड*

जनवरी 2025 में स्वीकृत शांतिधाम में चबूतरा एवं सीसी रोड निर्माण कार्य की स्वीकृत राशि 6.61 लाख रुपए दर्ज है, लेकिन पोर्टल पर अब तक व्यय 0 रुपए और मूल्यांकन राशि 0 दर्ज है। वर्ष 2025-26 में शांतिधाम की बाउंड्रीवॉल के दो अलग-अलग कार्य भी रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इनमें एक कार्य की स्वीकृत राशि 14.51 लाख रुपए तथा दूसरे की 12.06 लाख रुपए दर्ज है। दूसरे कार्य में 7,05,519 रुपए व्यय दर्ज है, जबकि दोनों कार्यों में मूल्यांकन राशि शून्य दिखाई गई है।

*2020 के घाट निर्माण में पोर्टल ने खुद उठाया सवाल*

सबसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड में वर्ष 2020-21 का स्नान घाट निर्माण कार्य है। इसमें स्वीकृत राशि 14.97 लाख रुपए दर्ज है, जबकि व्यय 14,92,780 रुपए दर्ज है। पोर्टल की टिप्पणी में ही दर्ज है कि स्वीकृत राशि से अधिक व्यय किया गया है। साथ ही इस कार्य में भी मूल्यांकन राशि 0 दर्ज है और वर्तमान स्थिति चल रहे दिखाई जा रही है।

*2013-14 का पंचायत भवन भी ‘सीसी जारी*

वर्ष 2013-14 में ग्राम पंचायत भवन के लिए 14.85 लाख रुपए की स्वीकृति दर्ज है। पोर्टल पर व्यय 0 रुपए, मूल्यांकन 0 और वर्तमान स्थिति “सीसी जारी” दर्ज है। इसी तरह वर्ष 2014-15 में ई-पंचायत कक्ष निर्माण के लिए 4.10 लाख रुपए स्वीकृत दर्ज हैं, लेकिन व्यय एवं मूल्यांकन दोनों 0 दर्ज हैं और स्थिति सीसी जारी है।

*सवाल यह कि रिकॉर्ड का सत्यापन कब?*

ऑनलाइन सरकारी रिकॉर्ड में जब किसी कार्य का मूल्यांकन दर्ज नहीं है, पुराने कार्यों की स्थिति लंबे समय बाद भी च रहे अथवा अन्य स्थिति में बनी हुई है और किसी कार्य में पोर्टल स्वयं स्वीकृत राशि से अधिक व्यय की टिप्पणी प्रदर्शित कर रहा है, तो इन कार्यों के भौतिक सत्यापन, माप पुस्तिका, तकनीकी मूल्यांकन, पूर्णता प्रमाण-पत्र, भुगतान अभिलेख एवं उपयोगिता संबंधी दस्तावेजों की जांच आवश्यक हो जाती है। अब सवाल यह है कि धनककड़ी ग्राम पंचायत के इन कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन कब कराया जाएगा और पोर्टल पर दर्ज मूल्यांकन शून्य होने के कारणों की जांच संबंधित पंचायत एवं तकनीकी अधिकारियों द्वारा कब की जाएगी?

Tags:

Leave a Comment