1.61 करोड़ स्वीकृत, 81.61 लाख खर्च; फिर भी 53 में से किसी कार्य का मूल्यांकन दर्ज नहीं..
लखनादौन। ग्राम पंचायत सांगईमाल के शासकीय पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों का रिकॉर्ड प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वर्ष 2013-14 से 2025-26 तक दर्ज 53 कार्यों में कुल ₹1,61,13,419 की स्वीकृति दिखाई गई है, जबकि पोर्टल पर ₹81,61,522 का व्यय दर्ज है। इसके बावजूद प्रत्येक कार्य के सामने “मूल्यांकन राशि : 0” और स्पष्ट टिप्पणी—“कार्य का मूल्यांकन दर्ज नहीं किया गया है”—दिखाई दे रही है।
यह केवल एक-दो कार्यों का मामला नहीं है। पूरे 53 कार्यों के रिकॉर्ड में मूल्यांकन राशि शून्य दर्ज है। ऐसे में सवाल सीधा है—जब लाखों रुपये खर्च दर्ज हैं तो कार्यों का तकनीकी मूल्यांकन और अंतिम सत्यापन पोर्टल पर क्यों दर्ज नहीं है?
*सड़क निर्माण पर सबसे बड़ा खर्च*
53 कार्यों में 23 सीसी सड़क कार्यों के लिए ₹95,10,245 स्वीकृत हैं और इनमें ₹39,08,370 खर्च दर्ज है। इसके बावजूद संबंधित कार्यों में भी मूल्यांकन राशि शून्य है।
*इनमें—*
– मठघोघरा के सीसी रोड के कई चरण।
– गेंदलाल के मकान से कोटवार के मकान तक सड़क।
– हल्के के मकान से प्रधानमंत्री सड़क तक सड़क।
– अंडिया में अमासू के मकान से हेमचंद के मकान तक सड़क।
– जुवारसिंह के मकान से प्रधानमंत्री सड़क तक सड़क।
– लखाराम के मकान से आंगनवाड़ी तक सड़क।
– अरविंद श्रीवास्तव के मकान से प्रधानमंत्री रोड तक सड़क।
– सुम्मे के मकान से सावित्री बाई के मकान तक सड़क।
– अरविंद के घर से पटेल बाबा तक सीसी रोड एवं नाली।
– देवी मंदिर से नवीन तालाब की ओर सीसी रोड एवं नाली।
– बसोरी के घर से मनवती के घर तक भैरोथान गुर्जरटोला की सड़क।
– प्राथमिक शाला से सुभाष के घर की ओर सड़क।
– कमल के मकान से मातरू के मकान तक गुर्जरटोला सड़क।
– प्रधानमंत्री रोड से शंकर मंदिर तक सड़क।
– रामचंद्र के मकान से कोटवार के मकान तक सड़क।
– रामफल के मकान से सुभाष के मकान की ओर सड़क।
– गेंडलाल के घर से कनहैया के घर की ओर सीसी रोड एवं नाली।
– भैरोथान रंगमंच से प्रधानमंत्री सड़क की ओर सड़क।
– अंडिया में सविता बाई के घर से आश्रमटोला की ओर एससी-एसटी योजना की सड़क सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
*कई कार्यों में खर्च शून्य*
रिकॉर्ड में कई पुराने स्वीकृत कार्य आज भी “चल रहे” दिखाई दे रहे हैं और कुछ में व्यय ₹0 दर्ज है। इनमें आंगनवाड़ी भवन भैरोथान के लिए ₹5.50 लाख, मठघोघरा सीसी रोड के दो कार्यों के लिए ₹3 लाख और ₹5 लाख, वर्ष 2015-16 के भैरोथान सीसी रोड के लिए ₹2.68 लाख, अंडिया एससी-एसटी सीसी रोड के लिए ₹5 लाख, 2019-20 के कई सीसी रोड कार्य तथा 2020-21 के कई सड़क कार्य शामिल हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुराने स्वीकृत कार्य वर्षों बाद भी ऑनलाइन रिकॉर्ड में “चल रहे” क्यों हैं?
*जिन कार्यों में लगभग पूरी राशि खर्च, वहां भी मूल्यांकन शून्य*
मामला केवल शून्य खर्च वाले कार्यों तक सीमित नहीं है।
– लखाराम मकान से आंगनवाड़ी सीसी रोड — स्वीकृति ₹8.16 लाख, खर्च ₹7.98 लाख।
– प्राथमिक शाला भैरोथान बाउंड्रीवॉल — स्वीकृति ₹6.75 लाख, खर्च ₹6.73 लाख।
– रामफल से सुभाष मकान सीसी रोड — स्वीकृति ₹7.58 लाख, खर्च ₹7.47 लाख।
– शिवधाम मढ़घोघरा ट्रांसफॉर्मर — स्वीकृति ₹3.48 लाख, खर्च ₹3.48 लाख।
– सभा मंच खेरमई मंदिर — स्वीकृति ₹2 लाख, खर्च ₹1.99 लाख।
– रंगलमंच नारवा टोला — स्वीकृति ₹1.25 लाख, खर्च ₹1.24 लाख।
– मढ़घोघरा किचन शेड — स्वीकृति ₹4 लाख, खर्च ₹3.96 लाख।
*इन सभी के सामने पोर्टल पर मूल्यांकन राशि शून्य है।*
*नाडेप टैंक से लेकर सामुदायिक शौचालय तक वही स्थिति*
सांगईमाल, अंडिया और भैरोथान में पांच सामुदायिक नाडेप टैंक के लिए कुल ₹80 हजार स्वीकृत हैं और ₹54,885 खर्च दर्ज है। सामुदायिक शौचालयों के चार कार्यों में ₹7.32 लाख स्वीकृत और ₹6.19 लाख से अधिक खर्च दर्ज है। आंगनवाड़ी शौचालय, स्टॉपडेम मरम्मत, सभा मंच, किचन शेड और अन्य कार्य भी इसी रिकॉर्ड में हैं।
*लेकिन मूल्यांकन—शून्य।*
*जवाबदेही किसकी?*
रिकॉर्ड में तकनीकी स्वीकृतियां कभी एसडीओ, कभी एई, जबकि प्रशासनिक स्वीकृतियां ग्राम पंचायत अथवा जनपद पंचायत सीईओ स्तर से जारी दिखाई गई हैं। इसलिए जांच केवल ग्राम पंचायत तक सीमित रखने के बजाय संबंधित तकनीकी अधिकारियों, जनपद पंचायत और स्वीकृति-सत्यापन से जुड़े अधिकारियों की भूमिका भी रिकॉर्ड के आधार पर देखी जाना जरूरी है।
*प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए—*
1. 53 कार्यों का भौतिक सत्यापन कब हुआ?
2. 53 कार्यों की मूल्यांकन राशि शून्य क्यों है?
3. जिन कार्यों में लगभग पूरी राशि खर्च है, उनका अंतिम मूल्यांकन कहां है?
4. वर्षों पुराने कार्य आज भी “चल रहे” क्यों प्रदर्शित हो रहे हैं?
5. जिन कार्यों में ₹0 व्यय दर्ज है, उनकी वर्तमान भौतिक स्थिति क्या है?
6. पोर्टल पर व्यय दर्ज करने से पहले माप पुस्तिका, मूल्यांकन और पूर्णता संबंधी अभिलेखों का सत्यापन किस अधिकारी ने किया?
7. सड़क, भवन, शौचालय, नाडेप, नलजल और अन्य परिसंपत्तियों की वास्तविक मौके पर जांच कब हुई?
*कलेक्टर संज्ञान लें, रिकॉर्ड की परतें खुलें*
सागईमाल पंचायत का यह रिकॉर्ड अब केवल ऑनलाइन आंकड़ा नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर सिवनी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पंचायतवार कार्यों की सूची निकालकर तकनीकी अधिकारियों से मौके का सत्यापन कराना चाहिए। संबंधित माप पुस्तिका, मूल्यांकन पत्रक, भुगतान विवरण, पूर्णता प्रमाण-पत्र और फोटो/जियो-टैग रिकॉर्ड का मिलान कराया जाना चाहिए।
सरकारी पोर्टल पर जब खर्च दिखाई दे रहा है, तो मूल्यांकन शून्य रहने का कारण भी सार्वजनिक होना चाहिए।
जनता के पैसों से बने कामों का हिसाब केवल स्वीकृति और व्यय की एंट्री से पूरा नहीं होता। काम जमीन पर कितना हुआ, गुणवत्ता कैसी है और भुगतान के अनुरूप वास्तविक परिसंपत्ति बनी या नहीं—यही असली परीक्षा है।मुख्य आंकड़ा: 53 कार्य | स्वीकृति ₹1,61,13,419 | दर्ज व्यय ₹81,61,522 | शेष अंतर ₹79,51,897 | मूल्यांकन दर्ज: 0 — सभी 53 कार्य।