“मैनेजर साहब की कार का टशन, उपभोक्ताओं का निकल रहा दम!”

“मैनेजर साहब की कार का टशन, उपभोक्ताओं का निकल रहा ...

Published on-

“मैनेजर साहब की कार का टशन, उपभोक्ताओं का निकल रहा दम!”

बैंक के सामने साहब की ‘लग्जरी पार्किंग’उपभोक्ताओं को आने जाने में होती है परेशानी

सिवनी/ गणेशगंज:- कहते हैं कि किसी भी संस्थान का अनुशासन उसके मुखिया से तय होता है, लेकिन पंजाब नेशनल बैंक (PNB) गणेशगंज में गंगा उल्टी बह रही है। यहाँ बैंक उपभोक्ताओं को सुविधाएं देने के बजाय उनके रास्ते में मुश्किलें खड़ी की जा रही हैं। बैंक के शाखा प्रबंधक (मैनेजर) खुद अपनी चार पहिया गाड़ी को बैंक के मुख्य द्वार के ठीक सामने पार्क कर रहे हैं। मैनेजर के इस आचरण को देखकर बैंक के अन्य कर्मचारियों ने भी अपने वाहनों को गेट पर ही खड़ा करना शुरू कर दिया है, जिससे यहाँ आने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मैनेजर की कार बनी मुसीबत की दीवार:- बैंक के प्रवेश द्वार पर सबसे पहले मैनेजर महोदय की लग्जरी चार पहिया गाड़ी नजर आती है। गेट के ठीक सामने बीचों-बीच गाड़ी खड़ी होने के कारण आधा रास्ता स्थायी रूप से अवरुद्ध हो जाता है। इसके बाद जो जगह बचती है, उसे बैंक स्टाफ की मोटरसाइकिलें घेर लेती हैं। आलम यह है कि किसी भी उपभोक्ता को बैंक के अंदर जाने के लिए गाड़ियों के बीच से कसरत करते हुए निकलना पड़ता है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए तो परेशानी ओर भी बढ़ जाती है।

कर्मचारियों ने भी अपनाया ‘मैनेजर मॉडल’:- जब खुद मुखिया ही नियमों को ताक पर रख दे, तो मातहतों से उम्मीद करना बेमानी है। बैंक के कर्मचारी भी अपने वाहन अन्यत्र कहीं सुरक्षित जगह पार्क करने के बजाय गेट के सामने ही खड़ा करना पसंद करते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि बैंक कर्मचारी और मैनेजर अपने वाहन महज कुछ मीटर की दूरी पर पार्क करें, तो पूरा रास्ता साफ हो सकता है और अव्यवस्था खत्म हो सकती है। लेकिन अपनी सुविधा के आगे कर्मचारियों को ग्राहकों की तकलीफ दिखाई नहीं दे रही।

उच्च अधिकारियों से शिकायत की तैयारी:- क्षेत्रीय जनता ने अब इस मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाने का मन बना लिया है। उपभोक्ताओं की मांग है कि बैंक मैनेजर और लापरवाह कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और बैंक के मुख्य द्वार को बैंक कर्मियों की गाड़ियों के लिए तत्काल ‘नो पार्किंग ज़ोन’ घोषित कर आम जनता के लिए रास्ता सुगम बनाया जाए।

Tags:

आपके लिए खास

Leave a Comment