सिवनी- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के निर्देशानुसार यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे-2025 के अवसर पर आज दिनांक 12 दिसंबर 2025 को तहसील विधिक सेवा समिति लखनादौन के तत्वावधान में शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, लखनादौन में एक व्यापक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़े संवैधानिक अधिकारों, शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
यह आयोजन माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिवनी श्री सतीष चंद्र राय के आदेशानुसार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसील विधिक सेवा समिति लखनादौन के अध्यक्ष श्री ललित कुमार झा ने कहा कि “राइट टू लाइफ” केवल जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी इसका अभिन्न अंग है। उन्होंने छात्र–छात्राओं को विवेकपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के पालन की प्रेरणा दी। इस दौरान भारत के संविधान में निहित मूलभूत अधिकारों, विशेष रूप से राइट टू लाइफ एवं राइट टू हेल्थ की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध योजनाओं एवं सुविधाओं तथा शिक्षा के क्षेत्र में लक्ष्य निर्धारण की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल अस्पताल से डॉ. जे.एन. सरवे, राजेन्द्र पटेल, अभय परासर, विवेक चौकसे एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए दैनिक दिनचर्या, संतुलित आहार, खान-पान की सही आदतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उनसे दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार राय एवं मनोज कुमार रजक (पी.एल.वी.), तहसील विधिक सेवा समिति लखनादौन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मोनिका रावत, प्राचार्य, शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल लखनादौन द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
इस विधिक साक्षरता शिविर में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साथ ही विधिक सेवा समिति लखनादौन से संजय कुमार उईके, राजेन्द्र प्रसाद उईके, संतोष राय (पी.एल.वी.) एवं मनोज रजक (पी.एल.वी.) का विशेष योगदान रहा।
समग्र रूप से कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय, ज्ञानवर्धक एवं जनहितकारी रहा, जिससे छात्र–छात्राओं में स्वास्थ्य अधिकारों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संचार हुआ।




